ब्लड बैंक मैनेजर के साथ आठ लोगों ने मारपीट की है। आरोपियों ने ब्लड बैंक में तोड़फोड़ भी की। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को चिह्नित किया है। वहीं दूसरी ओर पीड़ित मैनेजर की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। फिलहाल किसी भी आरोपी को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
सोमवार की सुबह करीब 11 बजे मुरादाबाद मार्ग स्थित डॉक्टर कॉलोनी में डॉक्टर सचिन सक्सेना ब्लड बैंक में आठ लोग आए। आरोपियों ने बेगम सराय निवासी ब्लड बैंक मैनेजर आशिक अली पुत्र आसिफ अली के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। पीड़ित मैनेजर ने बताया कि गांव भटौला निवासी जितेंद्र अपने साथ जीतपाल यादव और हरिओम व चार-पांच अज्ञात लोगों के साथ आया और ब्लड के यूनिट की मांग करने लगे। जब डॉक्टर द्वारा दिया जाने वाला पर्चा और ब्लड का नमूना मांगा तो देने से इनकार कर दिया। जब इस तरह से ब्लड देने से इनकार किया तो आरोपियों ने मारपीट की जिसमें वह घायल हुए हैं। बताया कि आरोपियों ने ब्लड बैंक में तोड़फोड़ भी की है।
कोतवाल ओमकार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीसीटीवी फुटेज में जो आरोपी मारपीट करते हुए कैद हुए हैं उनकी तलाश की जा रही है। वहीं दूसरी ओर ब्लड बैंक की डायरेक्टर डॉ. रितु सक्सेना ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किए जाने की मांग उठाई है।