चंदौसी। नौतपा की तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की त्वचा पर बुरा असर डाल रही हैं। सीएचसी में त्वचा रोगियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। रोजाना लोग दाद, खुजली, फुंसी और त्वचा पर जलन की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। त्वचा रोग विशेषज्ञ न होने के कारण सामान्य मरीजों का इलाज अन्य चिकित्सक कर रहे हैं, जबकि गंभीर मरीजों को निजी चिकित्सकों के पास जाना पड़ रहा है।
तेज गर्मी और लगातार चल रही गर्म हवाओं के कारण लोगों में त्वचा संबंधी परेशानियां बढ़ने लगी हैं। सीएचसी में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज खुजली, दाद, फुंसी, घमौरी और त्वचा में जलन की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार अधिक पसीना आना, धूल-मिट्टी और शरीर की साफ-सफाई में लापरवाही संक्रमण बढ़ने का मुख्य कारण बन रही है।
सीएचसी में आने वाले मरीजों में बच्चों और धूप में काम करने वाले मजदूरों की संख्या अधिक है। कई मरीज त्वचा पर लाल चकत्ते और एलर्जी की शिकायत भी कर रहे हैं। सीएचसी में त्वचा रोग विशेषज्ञ न होने के कारण सामान्य मरीजों का इलाज अन्य चिकित्सकों द्वारा किया जा रहा है, जबकि गंभीर हालत वाले मरीज निजी चिकित्सक के पास जाने को मजबूर है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हरविंद्र सिंह ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ त्वचा रोग से संबंधित करीब 100 मरीज रोजाना सीएचसी पहुंच रहे हैं। उनके लिए सीएचसी में पर्याप्त दवाएं हैं। ऐसे मरीजों को तेज धूप से बचने, नियमित स्नान करने, साफ कपड़े पहनने और सूती कपड़ों को पहनने की सलाह दी जा रही है।