चंदौसी। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ओर से एक माह पूर्व ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती, कम वोल्टेज और खराब ट्रांसफार्मर की समस्याओं को उठाया गया। इस ओर ध्यान नहीं दिए जाने पर उपखंड अधिकारी को पत्र प्रेषित कर भाकियू की ओर से चेतावनी दी गई कि अगर आठ दिन के अंदर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
पिछले महीने 13 फरवरी को दिए गए ज्ञापन में फसलों की सिंचाई के लिए निर्बाध आपूर्ति और ग्रामीण क्षेत्रों में दिन के समय बिजली सुनिश्चित करने व सुबह आठ से 12 और शाम तीन से छह बजे तक बिजली कटौती बंद किए जाने की मांग की गई थी। एक महीने का लंबा समय बीत जाने के बाद भी अभी तक इस समस्या का हल नहीं हुआ है। इसको लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए भाकियू की ओर से दो टूक कहा गया है कि आठ दिन के अंदर सभी मांगों को नहीं माना गया तो भारतीय किसान यूनियन अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड चंदौसी के गेट पर किसान उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
कहा गया कि यदि बिजली आपूर्ति में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो किसान जिले के सभी उपकेंद्रों पर आंदोलन तथा रोड रोको आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इस दौरान नरेश राघव, योगेंद्र यादव, भुवनेश यादव, प्रमोद राघव, डॉ. जितेंद्र वर्मा, समीर खान, मुजाफर, राहत जहां, हाजी अजीम सिद्दीकी उपस्थित रहे।