गुन्नौर। गन्ना मूल्य और किसानों की समस्याओं को लेकर बुधवार को भाकियू असली के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली-बदायूं हाईवे जाम कर दिया। करीब 15 मिनट तक किसानों ने हाईवे पर मांगों को लेकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। किसानों ने प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए। सूचना पर पहुंचे एसडीएम के आश्वासन पर जाम खोला।
बुधवार को भाकियू असली के दर्जनों कार्यकर्ता अकबरपुर पुलिया के समीप एकत्र हुए। दोपहर एक बजे प्रदर्शन करते हुए बदायूं-दिल्ली मार्ग पर रजिस्ट्री कार्यालय के समीप पहुंचे और हाईवे जाम कर दिया। करीब 15 मिनट तक हाईवे जाम रहा। जिस कारण बदायूं -हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। 15 मिनट के बाद किसानों ने हाईवे की एक साइड छोड़ दी और दूसरी साइड में प्रदर्शन करने लगे। राष्ट्रीय प्रमुख सचिव ऋषिपाल सिंह ने कहा कि सरकार किसानों के हित में काम नहीं कर रही है, अधिकारी पूरी तरह से तानाशाह हो चुके हैं। तहसील में भ्रष्टाचार चरम पर है। शासन-प्रशासन छुट्टा पशुओं को संरक्षित करने के लिए तैयार नहीं है। ऐसे में छुट्टा पशु किसानों की पशुओं को नष्ट कर आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं। सरकार किसानों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। हाईवे जाम करने की सूचना पर एसडीएम रमेश बाबू और सीओ आलोक सिद्दू पहुंच गए। उन्होंने किसानों से वार्ताकर उनकी समस्याओं को सुना। जल्द ही मांगों को निस्तारित करने का आश्वासन दिया। किसानों ने अपनी मांग का एक ज्ञापन एसडीएम को दिया। एसडीएम के आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। करीब एक घंटे तक हाईवे पर किसान प्रदर्शन करते रहे। इस दौरान जाकिर हुसैन, दिलीप कुमार उर्फ टीटू, हरिशंकर, वीरेश, राजकुमार, महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष कमलेश यादव, विमला देवी, राजकुमारी, दीपिका, सचिन, देवेंद्र, भूरे सिंह, धर्म सिंह, मुकेश, विजेंद्र सिंह, नंदपाल आदि के साथ में सैकड़ों की संख्या में भाकियू असली कार्यकर्ता मौजूद रहे।