संभल। भटौला गांव में गंगा एक्सप्रेस-वे पर अंडरपास बनाने की मांग को लेकर चल रहे अनिश्चितकालीन धरना स्थल पर मंगलवार को भाकियू असली की महापंचायत हुई। जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह ने कहा कि मांग जायज है। यदि अधिकारी नहीं सुनेंगे तो हम आगे बढ़ेंगे। कहा कि जल्द सुनवाई न हुई तो गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य रोका जाएगा।
संभल तहसील के गांव भटौला से हिसामपुर के बीच लिंक मार्ग के लिए गंगा एक्सप्रेस-वे की ओर से अंडरपास बनाने की मांग कई बार उठाई जा चुकी है। ग्रामीण खुद भी रास्ता रोककर धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं। अधिकारियों को ज्ञापन भी दिए हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद भाकियू असली ने मुद्दा उठाया और अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। मंगलवार को धरना स्थल पर भाकियू असली की महापंचायत हुई। जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह यादव ने बताया कि अंडरपास निर्माण के लिए कई बार मौखिक व लिखित में संबंधित अधिकारियों से मांग भी की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अंडरपास बनने से 20 से ज्यादा गांवों के लोगों को आवागमन आसान होगा। लंबी दूरी का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा और समय भी बचेगा। बताया कि यूपीडा और सीडीएस के अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया तो एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य रोका जाएगा। इस दौरान संजीव गांधी, दिलशाद, जयवीर सिंह यादव, रामवीर यादव, गुफरान, सुरेश सैनी, मोहम्मद अनीस, गनपत सिंह, रामकिशन, मोहम्मद सुलेमान, हरिओम, विमला, गंगासरन आदि रहे।
मांग पूरी नहीं होने तक जारी रहेगा अनिश्चितकालीन धरना
गांव भटौला में महापंचायत के बाद भी अनिश्चितकालीन धरना जारी है। भाकियू असली के नेता संजीव गांधी ने कहा कि धरना तब तक जारी रहेगा जब तक मांग को पूरा नहीं किया जाएगा। अधिकारी और कार्यदायी संस्था समस्या को नजर अंदाज कर रही है। इससे सभी ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों की मांग जायज है।