सरायतरीन (संभल)। भाकियू असली के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को एसपी को ज्ञापन देकर बहजोई थाना पुलिस पर भ्रष्टाचार, मनमानी और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो नौ सितंबर को थाना परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
मंगलवार को भाकियू कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह यादव के नेतृत्व में एसपी कार्यालय पहुंचे और एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि बहजोई थाना पुलिस द्वारा लगातार भ्रष्टाचार किया जा रहा है। गांवों में छोटे-छोटे भूमि संबंधी विवादों में भी लोगों को घर से पकड़कर थाने लाया जाता है और बंद कर मारपीट की जाती है। बाद में छोड़ने के नाम पर अवैध वसूली की जाती है। कहा कि असामाजिक तत्वों को संरक्षण दिया जा रहा है। थाने में दिनभर दलालों का जमावड़ा लगा रहता है।
आरोप लगाया कि पुलिस की सांठगांठ के चलते ही पकड़े गए लोगों को छोड़ा जाता है, जिसके चलते आम आदमी को न्याय नहीं मिल पा रहा है। राजपाल सिंह यादव ने कहा कि थाना पुलिस की कार्यशैली से क्षेत्र के किसान लगातार परेशान हैं। यदि पुलिस की कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ तो संगठन 9 सितंबर को थाना परिसर में ही धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होगा।
ज्ञापन देने के दौरान वीरेश यादव, डंबर सिंह, ओम प्रकाश, मनोज, कीर्तन, बृजेश यादव, चंद्रपाल सिंह, सत्यपाल सिंह, विकास यादव, प्रवेश कुमार, राजेश सिंह, नेमवीर, गीतम यादव, सतीश कुमार, सूरज सिंह, मोरध्वज सिंह, अनेका सिंह, सोमदत्त आदि मौजूद रहे।