संभल। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी ने संभल पहुंचकर खग्गूसराय स्थित भगवान हनुमान के दर्शन किए। खग्गूसराय में यह मंदिर 46 साल से बंद था, जो दो माह पूर्व ही खोला गया है। यहां प्रदेश प्रवक्ता ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद प्रसाद बांटा।
प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी ने कहा करीब 50 वर्षों के उपरांत कोई मंदिर किसी के भी चंगुल से आजाद हो जाए और उस आजाद हुए मंदिर में भगवान के विग्रह को प्रतिमा को कोई क्षति न पहुंचे और अपने वास्तविक स्वरूप में हिंदू समाज को आशीर्वाद देने की मुद्रा में दर्शन हो सकें, ऐसा दुर्लभ है। यह दुर्लभ कार्य भगवान श्री कल्कि स्थल संभल में ही हो सकता है। उन्होंने संभल के नगर समाज से आह्वान किया कि इस मंदिर में प्रतिदिन सामूहिक आरती, साप्ताहिक भंडारा, साप्ताहिक सत्संग, भजन कीर्तन और नित्य प्रति दर्शन करने की आदत, संस्कार, व्यवहार बनाना होगा।
इसके बाद आर्य समाज मंदिर में भारतीय इतिहास संकलन समिति के सदस्यों को संबोधित किया। उन्हाेंने भारतीय इतिहास संकलन समिति के जिलाध्यक्ष अजय शर्मा को जिम्मेदारी सौंपते हुए उपस्थित सर्व समाज को आह्वान किया कि इस मंदिर को विशेष मंदिर का दर्जा देते हुए यहां वह सारी गतिविधियां संचालित होनी चाहिए, जिनके लिए मंदिर स्थापित होते हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह, कपिल सिंघल, सुशील गुप्ता, सोनू चाहल, राजेश गुप्ता, वैभव गुप्ता आदि रहे।