बहजोई रोड पर स्कूटी से जा रही युवती से बाइक सवार बदमाश हैंडबैग छीनकर भाग गए। पीछा करते हुए युवती अपने भतीजे के साथ बहजोई तिराहा तक पहुंच गई। वहां तैनात पुलिस पर मदद न करने का आरोप लगाते हुए युवती ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद युवती तहरीर देकर घर चली गई।
नरौली के मोहल्ला मंसा देवी निवासी काजल उर्फ स्वाति स्कूटी से अपने भतीजे अनमोल के साथ घरेलू सामान लेने के लिए चंदौसी आ रही थी। बहजोई रोड पर ओपीजीएम स्कूल के पास पीछे से बाइक पर सवार तीन युवक आए और बीच में बैठे युवक ने झपटा मारकर युवती का हैंडबैग छीन लिया। बाद में बहजोई तिराहे की ओर भाग गए। युवती ने अपने भतीजे साथ स्कूटी से बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। बहजोई तिराहे पर तैनात होमगार्ड को युवती ने सारी बात बताई और बदमाशों का पीछा करने का निवेदन किया। आरोप है कि होमगार्ड ने कोई मदद नहीं की। इस बात से नाराज युवती ने हंगामा शुरू कर दिया। युवती का कहना था कि पुलिस मदद करती तो शायद बदमाश पकड़े जा सकते थे। सूचना पर थाना कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। युवती को समझा बुझाकर शांत किया। इसके बाद युवती थाने में तहरीर देकर घर चली गई। युवती के मुुताबिक हैंडबैग में उसके हाईस्कूल, इंटर व स्नातक के शैक्षिक प्रमाणपत्र, मोबाइल और अन्य सामान था।