बदायूं बाईपास पर गांव पथरा के सामने डबल डेकर बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस में सवार यात्रियों को अन्य वाहनों से वापस बदायूं की ओर भेज दिया।
जिला बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव दाबरी निवासी प्रमोद कुमार (22) पुत्र ओमकार सिंह बृहस्पतिवार को नौकरी के सिलसिले में अपने दोस्त के पास आया था। शाम करीब साढ़े पांच बजे वह बाइक से घर जा रहा था। बदायूं बाईपास पर गांव पथरा के पास सामने से आ रही डबल डेकर बस के चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल प्रमोद को उपचार के लिए सीएचसी चंदौसी में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। डबल डेकर निजी बस बदायूं से चंडीगढ़ जा रही थी। बस में सवार यात्रियों को पुलिस ने अन्य वाहनों से वापस चंदौसी भिजवाया।
मृतक प्रमोद कुमार शादीशुदा था। उसके दो बेटियां हैं। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रमोद किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता था। पिछले दिनों नौकरी छूट गई थी, अब दूसरी जगह नौकरी की तलाश में लगा हुआ था।