संभल। चंदौसी मार्ग पर गांव मोहम्मदपुर टांडा में बृहस्पतिवार की दोपहर करीब तीन बजे मुरादाबाद के थाना सोनकपुर अंतर्गत गांव बेहटा सरथल निवासी उरमान (45) की बाइक को डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी गजेंद्र सिंह का कहना है कि डंपर को कब्जे में ले लिया है और चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। उरमान के बेटे रिजवान ने बताया कि उनके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। घर का सामान लेने के लिए मोहम्मदपुर टांडा में बृहस्पतिवार को लगने वाली साप्ताहिक बाजार गए थे। चंदौसी की ओर से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे ने बताया कि परिवार में उनकी मां कामिल बेगम, तीन बहन और व तीन भाई हैं। परिवार के मुखिया की मौत से पूरा परिवार रो रोकर बेहाल है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।