चंदौसी (संभल)। पशुओं के अवशेष लेकर जा रहे बाइक सवार ने छात्र की स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में छात्र चोटिल हो गया। आरोपी बाइक छोड़कर भाग गया। हिंदू संगठन के लोगों ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अवशेष और बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। नरौली निवासी अंश गुप्ता बुधवार की दोपहर दो बजे करीब कोचिंग करने के लिए चंदौसी आ रहा था। बहजोई रोड पर ओपीजीएम स्कूल के निकट सामने से आ रहे बाइक सवार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में छात्र चोटिल हो गया। हादसे के बाद आरोपी बाइक छोड़कर भाग गया। बाइक पर छह कट्टे (बोरे) लदे थे, जिसमें पशुओं के अवशेष भरे हुए थे। इसकी जानकारी हिंदू संगठन के लोगों हुई तो मौके पर पहुंच गए। पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की। कहा कि शहर में गोवंशीय पशुओं का वध किया जा रहा है। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की गई। इसके बाद पुलिस ने अवशेष और बाइक को कब्जे में ले लिया। बाइक दिल्ली नंबर की है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। वहीं अवशेष किस पशु के हैं, इसकी भी जांच कराई जा रही है।