जुनावई(संभल)। थाना क्षेत्र के बदायूं-मेरठ हाईवे पर सोमवार रात धनीपुर और दुबारी कलां गांव के बीच छुट्टा पशु से बाइक टकराने पर साले-बहनोई दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी जुनावई में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान साले ने दम तोड़ दिया। जबकि घायल बहनोई का उपचार चल रहा है।
थाना क्षेत्र के गांव गंगुर्रा निवासी अभिषेक गिरी गोस्वामी (24) सोमवार को बरेली के थाना आंवला क्षेत्र के गांव मणि निवासी अपने बहनोई अरविंद गिरी गोस्वामी के साथ कस्बा जुनावई में रमेश पुरी गोस्वामी के यहां दावत में आए थे। देर रात साले-बहनोई बाइक पर सवार होकर गांव गंगुर्रा जा रहे थे। बदायूं-मेरठ हाईवे धनीपुर और दुबारी कला गांव के बीच पहुंचने पर बाइक छुट्टा पशु से टकरा गई। हादसे में साले-बहनोई बुरी तरह से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सक ने दोनों घायलों को अलीगढ़ रेफर कर दिया। जहां मंगलवार को उपचार के दौरान अभिषेक गिरी पुत्र प्रीतम गिरी की मौत हो गई। परिवार में चीख पुकार मची हुई है।