गुन्नौर। बुलंदशहर जिले के नरौरा नगर से गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के अपने गांव उदयभानपुर लौट रहे बाइक सवार तीन लोगों सड़क के गड्ढों के कारण हादसे का शिकार हो गए। गड्ढे में पड़कर बाइक अनियंत्रित हुई तो पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र समेत तीन लोग घायल हो गए। दो की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव उदयभानपुर निवासी सुखराम, चंद्रकेश और उसका पुत्र राजेश बाइक से जिला बुलंदशहर के नगर नरौरा से बृहस्पतिवार देर रात अपने गांव लौट रहे थे। बताया गया कि राजेश नरौरा में मोमोज बेचने का काम करता है। गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर बिचपुरी सैलाब और रसूलपुर गांव के बीच सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण उनकी बाइक उछलकर अनियंत्रित हो गई।
इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए गुन्नौर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने दो घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे के बाद परिजनों में भी अफरा-तफरी मच गई। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।