जुनावई(संभल)। थाना क्षेत्र के मेरठ-बदायूं हाईवे पर बैरपुर महराजी बस स्टैंड के नजदीक सांड़ से बाइक के टकराने पर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि दो बच्चों समेत पत्नी घायल हो गई। थाना पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने घायलों को प्राथमिक के बाद घर भेज दिया।
थाना क्षेत्र के हुल्काबाद गांव के रहने वाले दुर्वेश कुमार 28 वर्ष शुक्रवार रात सवा आठ बजे करीब बाइक पर सवार होकर पत्नी पूजा एवं एक चार बर्ष तो दूसरा एक वर्ष के बच्चे के साथ गुन्नौर थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव से बहन के घर से वापस गांव लौट रहा था। तभी थाना क्षेत्र के बैरपुर महराजी बस स्टैंड के नजदीक रोड पर घूम रहे सांड़ से बाइक टकरा गई। सांड़ से टकराते ही बाइक पर सवार सभी लोग सड़क पर गिर कर घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने सभी घायलों को जुनावई सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने दुर्वेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि पत्नी पूजा देवी एवं दोनों बच्चों का उपचार कर घर भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया मृतक द्वारा बिना हेलमेट के बाइक चलाने के कारण सिर में गंभीर चोट होने से मौत हो गई है। इस दुर्घटना में बाइक चालक दुर्वेश की मौत होने के साथ ही पत्नी पूजा समेत दो बच्चे भी घायल हो गए हैं। वहीं मृतक परिवार के द्वारा पोस्टमार्टम कराने से मना करते हुए लिख कर दे दिए जाने से शव को परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है।