बबराला। राजघाट पर मुंडन संस्कार में शामिल होकर लौट रहे युवकों की बाइक गांव मीरमपुर के पास बैलगाड़ी से टकरा गई। हादसे में बाइक पर सवार बहजोई के गांव सरवर सराय निवासी हरिओम (25) की मौत हो गई तथा मनोज और ज्ञानपाल घायल हो गए। घायलों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
बहजोई के गांव सरवर सराय निवासी हरिओम नोएडा में चाट का ठेला लगाता था। उसके चचेरे भाई का मुंडन संस्कार था और वह गांव आया हुआ था। रविवार को राजघाट पर मुंडन संस्कार में शामिल होकर शाम के समय बाइक से घर जा रहा था। उसके साथ बाइक पर गांव निवासी मनोज, ज्ञान पाल थे। गांव मीरपुर के पास उनकी बाइक बालू से भरी बैलगाड़ी से टकरा गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर भेज दिया। वहां चिकित्सकों ने हरिओम को मृत घोषित कर दिया।
घायल मनोज व ज्ञान पाल को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया। मृतक हरि ओम तीन भाई थे। बड़ा भाई लालाराम, छोटा भाई अखिलेश गांव में ही खेती का काम करते हैं। हरिओम नोएडा में चाट का काम करता है। हरिओम के मौत के बाद परिजनों का रो - रो कर बुरा हाल है।