धनारी पुलिस टीम के साथ बरामद बाइक व बाइक चोर।
- फोटो : अमर उजाला
बाइक चोरी कर फर्जी अभिलेख तैयार कर सस्ते दामों पर बेचने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से विभिन्न शहरों से चोरी की गईं छह बाइक बरामद की गई हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें अदालत ने जेल भिजवा दिया। उनके साथियों की तलाश की जा रही है। आरोपी दिल्ली व वेस्ट यूपी के गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, संभल, मुरादाबाद, बुलंदशहर आदि कई शहरों में बाइक चोरी करते थे।
संभल जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार बाइक चोरी की वारदातें हो रही थीं। खासकर गुन्नौर, धनारी थाना क्षेत्रों में भी कई स्थानों से बाइक चोरी कर ली गईं। धनारी थानाध्यक्ष अता मोहम्मद ने बताया कि गोपनीय सूचना मिली तो पुलिस सक्रिय हुई। भिरावटी गांव की ओर वाहन चेकिंग शुरू की गई। बहजोई की ओर जा रहे तीन युवकों को घेरने की तैयारी की गई। भिरावटीरोड़ पर रेलवे फाटक के पास छिपकर उनका इंतजार किया गया। कुछ देर बाद तीन युवक तीन अलग-अलग बाइक पर आए और रेलवे लाइन के पास बाजार में बनी एक कोठरी में घुसे। पुलिस पहुंची तो भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया, उनकी बाइकों को भी कब्जे में ले लिया।
पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना नाम चूरामन उर्फ चंद्रकेश व थान सिंह निवासी भिरावटी, मुनेश उर्फ फुरकान निवासी जडवारथाना धनारी बताया। इनके पास से तमंचे व कारतूस भी बरामद हुए। चूरानम के पास मिली बाइक को मोदीनगर जिला गाजियाबाद से चोरी किया गया था। थान सिंह से एक सिल्वर कलर की बाइक व तीसरे अभियुक्त मुनेश से एक पल्सर बाइक बरामद की गई। कड़ाई से पूछताछ में उनकी निशानदेही पर एक कमरे से तीन बाइक और बरामद की गईं। सभी छह बाइकों की नंबर प्लेट बदली हुई हैं। चूरामन पर करीब बारह मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भिजवा दिया। उन्होंने अपने अन्य साथियों के भी नाम बताए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।