संभल। बिजली की समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारी व कार्यकर्ता रंपुरा बिजली घर पर एकत्र हुए और धरने पर बैठ गए। गुरुवार को रंपुरा बिजली घर पर धरने को संबोधित करते हुए भाकियू टिकैत के जिला महासचिव चौधरी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि रंपुरा बिजली घर से निकलने वाले 11 केवी फीडर पर ओवरलोडिंग होने के चलते जर्जर तार टूट रहे हैं। किसानों को 2 या 3 घंटे भी बिजली आपूर्ति नहीं दी जा रही है। सरकार से किसानों को 18 घंटे के विद्युत आपूर्ति दिए जाने के आदेश हैं। लेकिन उझारी बिजलीघर से मात्र 10 घंटे विद्युत आपूर्ति दी जा रही है। धरने की सूचना पर हसनपुर एसडीओ देवेश कुमार व जेई नवीन कुमार धरना स्थल पहुंचे। किसानों ने दोनों अधिकारियों को घेर लिया और बिजली की समस्याओं से अवगत कराया। एसडीओ ने फोन कर उच्च अधिकारी से वार्ता की और बिजली कटौती मुक्त करने व 18 घंटे लगातार विद्युत आपूर्ति दिए जाने व 15 जून को बिजलीघर में शिविर लगाकर खराब बिल ठीक करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर देवेश कुमार, अकरम, हाजी इरफान, विक्रम सिंह, भीम सिंह, रिजवान अहमद, कासिम, फरमान, मुजम्मिल, नत्थू सिंह, सोमपाल सिंह, काशीराम, विक्की आदि मौजूद रहे।