संभल। भाकियू असली के कार्यकर्ताओं ने रविवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहर में संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक के आह्वान पर ट्रैक्टर मार्च निकाला। इसमें बड़ी संख्या में आसपास के किसान अपने-अपने ट्रैक्टर लेकर शामिल हुए।
मंडी समिति परिसर से शुरू हुआ ट्रैक्टर मार्च संभल की नई तहसील परिसर पहुंचा। यहां पर एमएसपी गारंटी कानून, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू और संपूर्ण देश के किसानों का कर्ज माफ करने आदि मांगों को लेकर नारेबाजी की। कहा गया कि खनौरी बॉर्डर पर संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक के नेतृत्व में आंदोलन चल रहा है। उस आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए और एमएसपी गारंटी कानून लागू कराने के लिए एसकेएम गैर राजनीतिक के घटक भारतीय किसान यूनियन असली ने पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ट्रैक्टरों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। एमएसपी गारंटी कानून लागू न होने तक भारतीय किसान यूनियन असली द्वारा आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह यादव, जयवीर सिंह यादव, संजीव गांधी, अर्जुन सिंह, आशिक रजा, दिलशाद आदि रहे। संवाद