संभल। भाकियू असली के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को किसानों की समस्याओं के समाधान नहीं होने पर रोष जताया। चौधरी सराय से तहसील परिसर तक नारेबाजी करते हुए पहुंचे। डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम विकास चंद्र को सौंपा। पदाधिकारियों ने कहा कि समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जिससे किसानों को राहत मिल सके।
जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह यादव के नेतृत्व में यह ज्ञापन सौंपा गया है। इसमें कहा है कि संयुक्त कृषि निदेशक के उर्वरक वितरण के संबंध में दिशा निर्देश से किसानों में रोष व्याप्त है। साथ ही किसानों का तीन बैग उर्वरक देने की बात कही गई है। कहा है कि अन्नदाताओं के साथ यह अन्याय है। छोटे किसानों का गुजारा हो सकता है लेकिन बड़े किसानों के सामने दिक्कत आएगी। ज्ञापन में कहा है कि जिले में भूमि का सर्किल रेट कई वर्षों से नहीं बढ़ा है। इसको तत्काल बढ़ाया जाए। चकबंदी विभाग पर आरोप लगाया है कि किसानों का शोषण किया जाता है। इस पर लगाम लगाई जाए। ज्ञापन में कहा है कि सभी समस्याओं के समाधान नहीं होने पर संगठन द्वारा शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।
इस दौरान आशिक रजा, संजीव गांधी, अशरफ अली, जयवीर सिंह, महबूब हुसैन, जयवीर सिंह यादव, बाबू, मुकेश कुमार, मोहम्मद सुलेमान, मोहम्मद वसीम, दिलशाद, हफीज आदि मौजूद रहे।