संभल। सर्वहित कल्याण मोर्चा संगठन ने सोमवार को उप जिलाधिकारी कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित 17 सूत्रीय ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा। इसमें दिव्यांगजनों का 2016 एक्ट के तहत प्रावधानों को शीघ्र लागू करके दिव्यांगों को लाभांवित किए जाने की मांग की गई है।
सर्व हित कल्याण मोर्चा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद कासिम के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। कहा गया कि दिव्यांगों को समाज की मुख्य धारा में जोड़ने के उद्देश्य से उनके विकास के लिए दिव्यांग अधिकार अधिनियम 2016 भारत की संसद द्वारा पारित किया गया पर अधिकांश प्रावधानों को केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा ठंडे वस्ते में डाल दिया गया। जिस कारण दिव्यांगों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन में प्रमुख रूप से देश व प्रदेश में दिव्यांग आयोग बनाने, सरकारी विभागों, निगमों और निजी सेक्टरों में दिव्यांगों का कोटा दस फीसदी कराने, 5000 रुपये मासिक पेंशन देने, प्रधानमंत्री शहरी एवं ग्रामीण योजना के तहत लाभांवित करने, शादी अनुदान दो लाख रुपये करने, प्राथमिक शिक्षक भर्ती में पात्र दिव्यांगों को शीघ्र नियुक्ति पत्र देने, बेरोजगारों को पांच लाख रुपये तक ऋण उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इस दौरान वारिस अली, नत्थू सिंह, कासिम असली, अलीशा, रामचंद्र, आसिफ, रूकसार, छोटे, मुकेश कुमार, अलाउद्दीन, आस मोहम्मद, अभिषेक, नितिन आदि रहे।