बहजोई। पशुपालन विभाग की ओर से पशुपालकों के दुधारू पशुओं को हरा चारा उपलब्ध कराने के लिए नेपियर चारा बैंक योजना चलाई गई है। सीवओ डॉ. शैलेंद्र सिंह ने बताया कि योजना के लाभार्थी किसान समेत स्वयं सहायता समूह, पंजीकृत गोशाला, गो आश्रय स्थल, एफपीओ या स्वयंसेवी संस्था हो सकते हैं। इसके तहत लाभार्थियों को नेपियर घास की जड़ें मुफ्त में मिलेंगी।
बताया कि इसके लिए लाभार्थी के पास 0.2 हेक्टेयर ( 2.4 बीघा) सिंचित भूमि होनी जरूरी है। वहीं, पंजीकृत गोशाला या अस्थायी गो आश्रय स्थल से टैग्ड गोचर भूमि वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा अनुसूचित जाति, जनजाति या ऐसे परिवार जिनमें महिला मुखिया हो, उन लाभार्थियों के चयन में प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रथम वर्ष में चयनित लाभार्थी को नेपियर घास की जड़ें मुफ्त में उपलब्ध कराई जाएंगी। अगले वर्ष दोगुनी जड़ें वापस ली जाएंगी।
वहीं, प्रति चयनित लाभार्थी को खेत की तैयारी के लिए चार हजार रुपये खाते में भुगतान किए जाएंगे। जिले में कुल 10 लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। इससे अधिक आवेदन होने पर सीडीओ की अध्यक्षता में गठित चयन समिति की ओर से योग्य लाभार्थियों का चयन पहले आओ पहले पाओ के आधार पर होगा। इसके लिए 30 जून से पहले आवेदन किया जा सकता है।