चंदौसी (संभल)। गणेश चौथ मेले में सोमवार देर रात मामूली कहासुनी के बाद दो गुट के युवकों के बीच जमकर बेल्टें चलीं। इससे मेले में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दस युवकों को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान कर दिया।
सोमवार को भगवान गजानन की रथयात्रा के दौरान मेले में देर रात तक काफी भीड़ रही। रात करीब 11 बजे मेला कोतवाली से कुछ दूरी पर युवकों में कहासुनी हो गई, जिसके बाद युवकों ने बेल्टें निकाल लीं और जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान काफी देर तक मौके पर पुलिस नहीं पहुंची। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाना सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में युवक एक-दूसरे पर बेल्ट से हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
कोतवाल संत कुमार ने बताया कि रथयात्रा व मेले में शांति व्यवस्था खराब करने के मामले में बबलू, हरिओम, रिंकू निवासी नगलिया कठेर थाना बहजोई, रामनिवास, शिवा निवासी गांव पीपरिया थाना फैजगंज बेहटा और विशाल निवासी थाना बिसौली, निजाम मोहल्ला गोढ़ी कस्बा थाना शीशगढ़ जिला बरेली, जुनैद निवासी करबला रोड थाना बिलारी के अलावा प्रेम और आदित्य निवासी चंदौसी के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की गई है।