चंदौसी। डिप्टी सीएम के बनियाखेड़ा ब्लॉक के गांव भुलावई में अमृत सरोवर का निरीक्षण कार्य प्रस्तावित होते ही हाईवे व आसपास घूम रहे छुट्टा पशुओं को युवा मंगल दल के मैदान में बंद कर दिया। पशुओं ने अभियान के दौरान लगाए गए 200 पौधे उजाड़ गए। हैरानी की बात यह है कि रात में ही ग्राम प्रधान व सचिव ने मैदान का गेट खोलकर छुट्टा पशुओं को जंगल की ओर दौड़ा दिया।
बनियाखेड़ा गांव में हाईवे के नजदीक ही युवा मंगल दल का मैदान हैं। मैदान पर चाहरदीवारी हो रखी है। अंदर की ओर घुमने के लिए टाइल्स बिछाकर फुटपाथ बना रखा है। 22 जुलाई को वृह्द पौधरोपण अभियान के तहत मैदान के अंदर फुटपाथ के किनारे-किनारे 200 पौधे रोपित किए थे। 17 अगस्त बृहस्पतिवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का गांव भुलावई में अमृत सरोवर देखने का कार्यक्रम प्रस्तावित हुआ, तो बुधवार को पंचायत सचिव, प्रधान व अन्य अधिकारियों के निर्देश पर हाईवे किनारे के 40-50 छुट्टा पशुओं को एकत्र कर युवा मंगल दल बनियाखेड़ा के मैदान में बंद कर दिया है। करीब 30 छुट्टा पशुओं को आनन फानन में पकड़कर गांव फरीदपुर की गोशाला में भिजवा दिया। मैदान में बंद हुए छुट्टा पशुओं ने पौधरोपण अभियान में लगाए गए 200 पौधे रौंद कर उजाड़ दिए। हैरानी की बात है कि बुधवार की देररात फिर से ग्राम प्रधान व सचिव ने मैदान का गेट खुलकर पशुओं को जंगल की ओर दौड़ा दिया।