विश्व वानिकी दिवस बुधवार को मनाया जाएगा। इस मौके पर संभल जिले में 75 हजार पौधे वन विभाग द्वारा रोपित किए जाने की कार्ययोजना तैयार की गई है।
हालांकि जिले के सात नर्सरियों में साढे तीन लाख पौधे तैयार हो गए हैं। इन सभी को रोपित कराने का प्रयास किया जाएगा। इस साल वन विभाग ने गंगा तटों व उनके किनारों को हरा भरा करने की योजना भी तैयार की है। जिसका लक्ष्य अलग से तय किया जा रहा है। विश्व वानिकी दिवस का एक कार्यक्रम सुबह 11 बजे पालिटेक्निक कालेज चंदौसी में आयोजित किया जाएगा।
वन विभाग की जिले में सात पौधशालाएं हैं। इसमें अमरपुर काशी, भवानीपुर, पंवासा, बहजोई, कुरकावली, मंडी समिति बबराला व हौतम गढ़ी शामिल हैं। जिला वनाधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले की सभी सात नर्सरी में मौजूदा समय में नीम, पाकड़, आम, सागौन, शीशम आदि कई प्रजातियों के साढ़े लाख पौधे तैयार किए गए हैं। जिन्हें विभिन्न विभागों व संस्थाओं द्वारा पौधरोपण कराया जा सकता है। वन विभाग इस साल 75 हजार पौधे रोपित करेगा।
इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। इसके अलावा इस बार गंगा के तटो व आसपास के इलाकों को हरा भरा करने की योजना तैयार की गई है, जिसमें गुन्नौर, जुनावई व रजपुरा विकास क्षेत्र में पौधरोपण किया जाएगा। हालांकि अभी इसका लक्ष्य शासन द्वारा तय नहीं किया गया है, लक्ष्य तय होते ही, पौधरोपण की कार्ययोजना तैयार कर ली जाएगी।