चंदौसी। चंदौसी बार एसोसिएशन की चुनाव प्रक्रिया बुधवार को बार रूम में नामांकन के साथ शुरू हो गई। इसी बीच बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष का आदेश जारी हो गया कि चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई है। हालांकि इस संदर्भ में एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष का कहना है कि उन्हें बार काउंसिल का कोई आदेश नहीं मिला है।
सचिव और उपाध्यक्ष पद समेत विभिन्न पदों पर दर्जन भर प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ पहुंच कर नामांकनपत्र दाखिल किए। इसी बीच बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष शिव किशोर गौड़ द्वारा आदेश पत्र जारी हो गया। जिसमें बताया गया कि चंदौसी बार एसोसिएशन के विभिन्न अधिवक्ताओं द्वारा हस्ताक्षरित पत्र भेजे गए थे।
इसके अनुसार बार एसोसिएशन के चुनाव में मॉडल बाइलाज के नियमों-उपनियमों के अंतर्गत वन बार वन वोट के सिद्धांत का पालन करते हुए मतदाता सूची तैयार कराना सुनिश्चित करें। इसके अलावा मतदाता सूची केवल उन्हीं अधिवक्ताओं की बनेगी, जिनको बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश से सीओपी नंबर आवंटित हैं।
साथ ही चार नवंबर को सिविल बार एसोसिएशन, खुर्जा, बुलंदशहर में दोपहर 2:30 बजे प्रकरण से अपने जवाब व प्रपत्रों के साथ उपस्थित होने के आदेश दिए हैं। तब तक चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ नहीं की जाए। नियमों की अवहेलना करने पर अधिवक्ता अधिनियम 1961 की धारा 35 के अंतर्गत कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
-
इस संबंध में एल्डर्स कमेटी को बार काउंसिल के अध्यक्ष का कोई आदेश नहीं मिला है। बुधवार को चंदौसी बार एसोसिएशन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पहले दिन प्रत्याशियों ने नामांकनपत्र दाखिल किए हैं। दूसरे दिन भी नामांकनपत्र लिए जाएंगे। आदेश मिलने पर अगला निर्णय लिया जाएगा।
अनिल कुमार गुप्ता, अध्यक्ष, एल्डर्स कमेटी