वहीं पुरानी करेंसी के छोटे नोटों की डिपाजिट नहीं आ रही है। इस स्थिति से पब्लिक को जूझना पड़ेगा। प्रथमा बैंक की 74 शाखाएं हैं। अभी तक इसमें नई करेंसी नहीं पहुंची। प्रथमा बैंक के अधिकारी रिजर्व बैंक के संपर्क में हैं। चेयरमैन से लेकर क्षेत्रीय प्रबंधक तक करेंसी के इंतजाम में जुटे हैं लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिल सकी है।
प्रथमा बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक बीके कुकरेती ने सोमवार को रात्रि दस बजे बताया कि अभी बैंक को नई करेंसी नहीं मिली है। लेकिन करेंसी किसी भी समय आ सकती है। हमारे अधिकारी रिजर्व बैंक से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। वैसे बैंक 10 से 05 बजे तक खुलेंगे। रुपये जमा किए जा सकेंगे। प्रथमा बैंक की शाखाओं में अब तक पुरानी करेंसी के 120 करोड़ रुपये जमा हो गए हैं।
पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक आरके सिंह ने बताया कि 10 से 04 बजे तक बैंकिंग सेवाएं पब्लिक को मिलेगी।
करेंसी एक्सचेंज दोपहर 12 बजे के बाद होने के आसार हैं, क्योंकि रिजर्व बैंक से ही करेंसी कम आ रही है। जितनी जरूरत है उसका आधा कैश भी नहीं मिल रहा है। बैंक के पास पुराना कैश नहीं होता तो और भी ज्यादा मुश्किल होती है। अब बैंक के पास 100, 50, 20 व 10 रुपये के पुराने नोट भी नहीं है। यदि नई करेंसी नहीं आई तो मुश्किल रहेगी।
एचडीएफसी के ब्रांच मैनेजर जावेद खान ने बताया कि मंगलवार को 500 रुपये के नोटों की नई करेंसी आने की उम्मीद है। अभी तक बैंक के पास 2000 रुपये के ही नए नोट आए हैं। उन्होंने बताया कि बैंक को एक दिन में 25 लाख की नई करेंसी मिल रही थी लेकिन उसे घटा कर 12 लाख रुपये कर दिया गया है। जितनी करेंसी आएगी उतनी ही पब्लिक के लिए उपलब्ध होगी। इस बीच अपर पुलिस अधीक्षक राममूरत यादव ने बताया कि मंगलवार को बैंकों के बाहर भीड़ होने के आसार हैं। इसलिए पुलिस थानों को सतर्क किया गया है। बैंकों के बाहर पुलिस की ड्यूटी रहेगी।