चंदौसी। शहर के एक बैंक का सायरन बृहस्पतिवार की देर रात अचानक से बजने लगा। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। बैंक के आसपास के माहौल की जांच पड़ताल की। मौके पर स्थिति सही पाई गई। पुलिस का कहना है कि सायरन पूर्व में भी कई बार बज चुका है, लेकिन शाखा प्रबंधक इस बात से इंकार कर रहे हैं।
आजाद रोड स्थित आईडीबीआई बैंक का सायरन बृहस्पतिवार की रात 11 बजे अचानक से बजने लगा। जिसकी जानकारी आसपास के लोगों ने स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस बैंक की ओर दौड़ पड़ी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही बैंक का सायरन बजना बंद हो गया था।
हालांकि पुलिसकर्मियों ने बैंक के आसपास के इलाके की जांच पड़ताल की। नजदीकी एटीएम और बैंक के तालों को चेक किया। मौके पर स्थिति सही मिलने पर पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली। प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार पंवार का कहना है कि बैंक का सायरन पूर्व में भी कई बार बज चुका है। इस संबंध में शाखा प्रबंधक को अवगत कराया गया है। शाखा प्रबंधक दिवाकर यादव का कहना है कि देररात बैंक में सायरन बजने की कोई सूचना नहीं मिली है। हमारी बैंक में जो सायरन लगा है, वह आधुनिक कंप्यूटराइज्ड है। अगर सायरन बजता है तो उसमें पासवर्ड एंटर करना प़ड़़ेगा, अन्यथा वह लगातार बजता ही रहेगा।