बहजोई इस्लामनगर मार्ग स्थित ग्राम मऊ कठेर की प्रथमा बैंक शाखा पर गुरुवार की सुबह से रकम की जमा व निकासी के लिए लंबी लाइन लगी हुई थी। मऊ कठैर निवासी दिव्यांग भी बैंक से रुपये निकालने सुबह 10.30 बजे पहुंचा। ज्ञान सिंह का आरोप है कि जब वह बैंक में रुपये निकालने के लिए फार्म लेने पहुंचा तो बैंक प्रबंधक ने उसके साथ अभद्रता की और उसके धक्का मुक्की की।
जिससे आक्रोशित ज्ञानसिंह ने बहजोई- इस्लामनगर मार्ग पर बैंक के सामने लेट गया और उसने आवागमन ठप कर दिया। कुछ देर के लिए वहां जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस उपनिरीक्षक चंद्र सिंह पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और ज्ञान सिंह को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। जबकि प्रथमा बैंक प्रबंधक देवेंद्र कुमार का कहना है कि ज्ञान सिंह तीन दिन से लगातार बैंक आकर रुपये निकाल रहा था। इस लिए उससे निकालने के लिए मना किया था। उसके द्वारा लगाए गए आरोप निराधार है। ज्ञान सिंह के रुपये बैंक से निकाल दिए गए है।
प्रथमा बैंक गार्ड ने महिलाओं से की अभद्रता
चंदौसी। कुढफ़तेहगढ के प्रथमा बैंक के गार्ड पर रुपये निकालने आई महिलाओं ने अभद्रता का आरोप लगाया है। गार्ड ने महिलाओं के आरोपों को निराधार बताया है। प्रथमा बैंक कुढ़ फतेहगढ़ में बैंक खुलने से पहले महिलाओं की रुपये निकालने के लिए लंबी लाइन लगी हुई थी। बैंक खुलते ही महिलाओं ने हंगामा शुरु कर दिया। बैंक में करेंसी न होने के कारण कर्मचारियों को भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
प्रथमा बैंक बिलारी से करीब एक लाख की करेंसी मंगाई गई। इसके बाद रुपये लेने के लिए महिलाओं में धक्का मुक्की होने लगी। यही नहीं महिलाओं ने गार्ड के चैनल खोलने पर बैंक के अंदर घुसने का प्रयास किया। जिस पर गार्ड ने महिलाओं को हटाने का प्रयास किया। जिस पर महिलाएं भड़क गई। जबकि बैंक के गार्ड अमर सिंह ने आरोपों को निराधार बताया है।