कोरोना संक्रमण के चलते नहीं निकाली जाएगी आंबेडकर शोभायात्रा
घरों व प्रतिष्ठानों पर मनाई जाएगी जयंती
अमर उजाला ब्यूरो
चंदौसी (संभल)। कोतवाली परिसर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और कोरोना गाइड लाइन को लेकर संभ्रांत लोगों के साथ प्रशासन ने बैठक की। कहा कि कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप को लेकर डॉ. आंबेडकर जयंती पर शोभायात्रा नहीं निकाली जाएगी। लोगों से अपने घर व प्रतिष्ठानों पर जयंती मनाने की बात कही गई।
शनिवार की शाम पांच बजे कोतवाली में संपन्न हुई बैठक में एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित व सीओ गोपाल सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी का संक्रमण दिन ब दिन बढ़ता जा रहा है। जिसको लेकर शासन द्वारा गाइड लाइन जारी की गई है। 14 अप्रैल को डॉ. आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जाने वाली शोभायात्रा कोरोना संक्रमण के चलते नहीं निकाली जाएगी। क्योंकि डॉ. आंबेडकर शोभायात्रा में भारी संख्या में भीड़ होती है। जिससे कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। इसलिए शासन के निर्देश पर शोभायात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी लोग अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर जयंती कार्यक्रम मनाएं। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार शर्मा, विनय सर्राफ, हरिगोपाल, मुस्तकीम, नईम सभासद, तरुण कुमार नीरज, जाहिद, मौलाना इफ्तेखार, हाफिज मतीन, हाफिज फहीम, प्रमोद सेठ, मौलाना सोहेल, हाफिज आकिल, हाफिज तौसीफ, आसिफ अजमत, गुलाब साबिर आदि मौजूद रहे।