बहजोई(संभल)। कोतवाली पुलिस ने मेरठ की एसटीएफ की मदद से श्रद्धालुओं से भरी बस में डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले फरार 25 हजार के इनामी बदमाश जिला मेरठ के थाना लिसाड़ी गेट के मोहल्ला हुमायूं नगर पहलवान कालोनी मस्जिद के पास निवासी आरोपी सरफराज को गिरफ्तार किया है।
कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि बीती 24 मार्च 2016 में तीर्थयात्रा से लौट रहे बहजोई के श्रद्धालुओं से भरी बस को बहजोई-इस्लामनगर मार्ग पर गांव मिर्जापुर व बहापुरपट्टी के निकट बदमाशों ने तमंचे के दम पर 15 मोबाइल फोन समेत सोने-चांदी के जेवर व नकदी लूट ली थी। श्रद्धालुओं में से बहजोई के मोहल्ला काली मंदिर रोड निवासी संजय कुमार की ओर से डकैती आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। कोतवाल ने बताया कि घटना से जुड़े चार आरोपियों में मेरठ निवासी इमरान व खुर्शीद समेत गाजियाबाद निवासी फरमान व बुलंदशहर निवासी सुनील कुमार को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।