संभल के हसनपुर मार्ग पर खेड़ा के नजदीक सड़क किनारे खोदा गया गड्ढा।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। बिजनौर से बदायूं तक जाने वाले हाईवे का निर्माण कार्य संभल में अधर में लटका है। इस अधूरे कार्य से कोहरे के दौरान हादसों का अंदेशा रहता है। सड़क किनारे गहरे और बड़े गड्ढे खोद दिए गए हैं। कोहरे के दौरान वाहन चालक अनियंत्रित होकर हादसों का शिकार हो रहे हैं। रविवार को कार सवार दंपती संभल के हसनपुर मार्ग पर बादल गुंबद के नजदीक कोहरे के दौरान हादसे का शिकार हो गए थे। कार चालक कोहरे के दौरान सड़क से भटक गया। जैसे ही कार सड़क किनारे गड्ढे में पहुंची तो पलट गई। इसमें दिल्ली निवासी दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ऐसे ही हादसों का खतरा लगातार मंडरा रहा है।
दरअसल बिजनौर से बदायूं तक जाने वाला हाईवे संभल से होकर गुजर रहा है। संभल-हसनपुर मार्ग पर कुछ दिनों पहले विभाग ने हाईवे किनारे गड्ढे खुदवाए थे। जिन पर कार्य होना था लेकिन अब तक इन गड्ढों पर कोई काम नहीं हुआ है। कोहरे के दौरान यह गड्ढे हादसों का सबब बन रहे हैं। इन गड्ढों से बड़ा हादसा होने का अंदेशा है। रेडियम युक्त संकेतांक नहीं लगे होने के कारण चालक हाईवे किनारे गड्ढों को समझ नहीं देख पाते हैं।