संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव महोरा लखूपुरा निवासी बीए के छात्र राहुल यादव (19) पुत्र रगनेश की बुधवार की शाम मामूली कहासुनी के बाद गांव के ही दो सगे भाइयों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी।
आरोपियों ने बचाव के लिए आए मृतक के ताऊ कररू और चचेरे भाई पप्पू व रविंद्र को भी चाकू मारकर घायल कर दिया और मौके से भाग गए। सूचना पर एसपी कुलदीप सिंह गुनावत और एएसपी डॉ. श्रीश्चंद्र मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
राहुल के ताऊ कररू ने बताया कि आरोपियों में शामिल बिरलेश बुधवार की शाम को गांव में किसी कोचिंग सेंटर के पोस्टर लगा रहा था। इसी दौरान राहुल यादव की गांव के ही एक युवक से कहासुनी हो गई थी। उस समय मौके पर बीच-बचाव हो गया था। बाद में आरोपी युवक अपने भाई के साथ आया और राहुल यादव पर चाकू से हमला कर दिया।
ताबड़तोड़ वार कर गंभीर घायल कर दिया। हमले की सूचना पर पहुंचे परिजनाें को देखकर आरोपी भाग गए। रास्ते में रोकने के लिए कोशिश की तो आरोपियों ने हमला कर दिया। इसमें वह और उनके दो भतीजे घायल हो गए। राहुल यादव की मां प्रवेश देवी ने बताया कि 22 मार्च को भी आरोपियों ने अभद्रता की थी। उस समय मामला शांत करा दिया गया था। पीड़ित मां ने बताया कि उनका बेटा बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। चंदौसी में किराए के कमरे पर रहकर पढ़ाई करता था। 20 मार्च को घर आया था।
29 मार्च को चंदौसी जाना था। बताया कि दो भाई और एक बहन में दूसरे नंबर का था। पीड़ित पिता ने बताया कि वह खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। बेटा पढ़ाई में ही लगा रहता था। होली पर घर आया था और आरोपियों ने हत्या कर दी।
तमाशा देखते रहे लोग किसी ने नहीं रोका : ग्रामीणों ने बताया कि जिस समय राहुल यादव पर आरोपी भाइयों ने हमला किया।
उस समय काफी लोग मौके पर मौजूद थे लेकिन आरोपियों ने चाकू से हमला किया तो सभी डर गए और किसी ने आरोपियों को रोकने की कोशिश नहीं की। मृतक के परिजनों का कहना है कि आरोपियों को रोका जाता तो शायद राहुल की जान बच जाती लेकिन गांव के सभी लोग तमाशबीन बने रहे और आंखों के सामने हत्या करा दी।
वहीं ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अपराधिक मामला दर्ज है। वह अपराधिक प्रवृत्ति का है। इसलिए भी लोगों ने उसको रोकना उचित नहीं समझा क्योंकि वह किसी पर भी हमला कर सकता था।
हत्या की सूचना पर पुलिस और एएसपी पहुंच गए थे। मेरे द्वारा भी घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। पीड़ित परिवार से जानकारी ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों को लगाया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
कुलदीप सिंह गुनावत, एसपी, संभल।