संभल । कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार को गांव फतेहपुर सराय के पास संभल-चंदौसी मार्ग पर कार से बचने के प्रयास में चालक ने ऑटो के इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। जिससे पीछे चल रही बस ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद अनियंत्रित होकर ऑटो सड़क किनारे खराब खड़ी ट्रैक्टर-ट्राॅली में घुस गया। इससे ऑटो में सवार मोहल्ला चौधरी सराय निवासी अनम, मोहम्मद दानिश, बदायूं निवासी राम खिलावन, बैटला निवासी इरशाद और नरौली निवासी तंजीम घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के गांव मई निवासी इलमा व महराज ने पास के निजी चिकित्सक से अपना उपचार कराया। जिसके बाद पुलिस ने ऑटो व ट्रैक्टर ट्राॅली को कब्जे में ले लिया। दूसरी ओर संभल-हसनपुर मार्ग पर गांव कुरकावली में बाइक सवार को ऑटो ने टक्कर मार दी। इसमें गांव सलखना निवासी राजीव शर्मा घायल हो गए। उन्हें निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया है। संवाद