संभल। नखासा थाना क्षेत्र के गांव बैटला निवासी विवाहिता के साथ पति ने मारपीट की और जलाने का प्रयास किया। थाने पहुंची विवाहिता ने कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पुलिस को बताया है कि उसका पति व ससुराल वाले दहेज में बोलेरो गाड़ी की मांग कर रहे हैं। विरोध करने पर मारपीट की जाती है। सोमवार को जलाने का प्रयास किया गया। विवाहिता का हाथ जला हुआ है। पुलिस ने चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया है।
गांव बैटला निवासी पीड़ित विवाहिता नाजुक ने बताया कि उसकी शादी डेढ़ वर्ष पहले गांव निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद से ही युवक मारपीट करने लगा और दहेज में बोलेरो गाड़ी लाने की मांग की। विरोध किया तो घर से निकालने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि सोमवार को उसको जलाने का प्रयास किया गया।
किसी तरह भाग कर जान बचाई। इस दौरान उसका हाथ जल गया। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने पति को पकड़कर शांतिभंग में चालान कर दिया। नखासा थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह ने बताया कि मारपीट के आरोप की तहरीर मिली थी। महिला के पति का शांतिभंग में चालान कर दिया है।