जुनावई(संभल)। थाना क्षेत्र के गांव में छोटे भाई ने बड़े भाई के परिवार पर अपने पुत्रों के साथ मिलकर लाठी डंडे से हमला बोलकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चिकित्सकों ने सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण करने के बाद गंभीर घायलों को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
आरोप है कि थाना क्षेत्र के हरगोबिंदपुर गांव में बड़े भाई शीतल प्रसाद के बराबर में ही छोटे भाई का खेत हैं। बुधवार को शीतल प्रसाद के खेत में खड़े शहतूत के पेड़ से फल तोड़ने के कारण बच्चों से छोटे भाई के खेत में खड़ी गेहूं की कुछ फसल खराब हो गई। इसी को लेकर छोटे भाई ने रात में शीतल प्रसाद के घर जाकर गाली गलौज की। इसको लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद होता देख लोगों ने बीच बचाव कर दिया। बृहस्पतिवार की सुबह छोटे भाई ने अपने पुत्रों के साथ मिलकर शीतल प्रसाद एवं उनके परिवार के लोगों पर लाठी डंडे बरसाना शुरू कर दिया। इसमें शीतल प्रसाद उनकी पत्नी प्रेमवती व उनके तीन पुत्र रामचंद्र, लाल सिंह व गुड्डू घायल हो गए।
सीएचसी में चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन मलिक ने बताया चार लोगों का मेडिकल परीक्षण किया गया, जिसमें दो लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद