संभल में बहजोई मार्ग पर मोहल्ला नाला के पास ट्रांसफार्मर पर बांधे गए बांस। संवाद
संभल। उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति के लिए लगे ट्रांसफार्मरों पर सुरक्षा को लेकर विद्युत निगम गंभीर नहीं दिखाई दे रहा। विभिन्न स्थानों पर ट्रांसफार्मर खुले में रखे हुए हैं और उन पर जाल का कोई इंतजाम नहीं है। आलम यह है कि कुछ स्थानों पर तो जाल की जगह ट्रांसफार्मर के चारों ओर बांस ही लगा दिए गए हैं। इस कारण हादसे का अंदेशा बना रहता है।
विद्युत निगम की ओर से ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा को लेकर इंतजाम नाकाफी दिखाई दे रहे हैं। संभल के नखासा चौराहे के पास एकता पुलिस चौकी के पीछे ट्रांसफार्मर पर सुरक्षा का कोई प्रबंध नहीं है। यहां ट्रांसफार्मर बिना जाल के ही रखा हुआ है। खास बात यह है कि चौराहे से रोजाना बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। मोहल्ला बेगम सराय में भी ट्रांसफार्मर बिना जाल के ही लगा है, यहां भी सुरक्षा को लेकर गंभीरता का माहौल नहीं दिख रहा है। चंदौसी मार्ग के किनारे गांव सैफ खां सराय में ट्रांसफार्मर के चारों तरफ जाल नहीं है। इस बीच बिजली निगम की गैर जिम्मेदाराना हरकत को दर्शाने वाली तस्वीर भी सामने आई हैं। हुसैनी रोड पर ट्रांसफार्मर पर जाल लगाने के बजाय बांस लगा दिए गए हैं। बहजोई मार्ग पर मोहल्ला नाला में भी ट्रांसफार्मर की सुरक्षा का इंतजाम बांस लगाकर किया गया है। चंदौसी चौराहे पर जो ट्रांसफार्मर रखा है उसके चारों तरफ भी बांस बांध दिए गए हैं जबकि ट्रांसफार्मर के पास ही खड़े होकर रोजाना तमाम यात्री वाहनों का इंतजार करते हैं।
सवाल उठता है कि विद्युत निगम सुरक्षा को लेकर गंभीर क्यों नहीं हो रहा? अगर कभी कोई ट्रांसफार्मर जला या फिर लीडों में करंट उतर आया तो पास से गुजरने वाले या फिर खड़े लोग चपेट में आ गए तो क्या होगा?