संभल/पवांसा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पवांसा ब्लॉक की आशाओं ने मानदेय देने के नाम पर अवैध वसूली को लेकर चिकित्सा अधिकारियों के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की। आशाओं का आरोप है कि पवांसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भ्रष्टाचार चरम पर है। आला अधिकारियों से शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हो पा रहा है।
आरोप है कि विजिट के फॉर्म, महिलाओं की डिलीवरी व मानदेय खाते में डलवाने पर अवैध वसूली की जाती है। शनिवार को अवैध वसूली के नाम पर आशाएं गरजीं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के गेट पर विरोध प्रदर्शन किया है।
अस्पताल परिसर में तीन घंटे तक हंगामा हुआ। आशाओं ने आरोप लगाया कि कोरोना महामारी में पूरी मेहनत के साथ काम कर रहे हैं। इसके बावजूद भी मानदेय देने के नाम पर 500 रुपये अवैध तरीके से लिए जाते हैं।
महिलाओं की डिलीवरी होने पर लाभार्थी से अवैध तरीके से पैसे दिलाने का स्वास्थ्य कर्मचारी दबाव बनाते हैं। विजिट फार्म जमा करने पर सौ रुपये देकर चार सौ रुपये मिल पाते हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी जमकर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। इसकी शिकायत कई बार अधिकारियों से कर दी गई है उसके बावजूद भी भ्रष्टाचार हो रहा है। इस दौरान आसमा, गुलनाज, कोमल, रामा देवी, पूनम, ममता, शमीम जहां, जोहरा बेगम, मोबीन जहां, रिकीं, अनीता, आशा देवी, रेखा, अमरवती, सुमन गौतम, माया, गुडडो, राजकुमारी, अंजू आदि मौजूद रहे।