बहजोई (संभल)। हनुमानगढ़ी अयोध्या के महंत राजू दास ने इंडिया (इंडियन नेशनल डेवलपमेंट एनक्सूसिव अलायंस) और एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म को लेकर अनाप शनाप बोलने वाला घमंडिया गठबंधन आज समाप्ति की ओर है।
बहजोई के गांव बिचौला में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने आए हिंदू सुरक्षा ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष व हनुमानगढ़ी अयोध्या के महंत राजू दास ने कहा कि सनातन धर्म को कोसने वालों ने मिलकर जो गठबंधन बनाया है, उसका समय पूरा होने वाला है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण तीन राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव हैं। चुनाव परिणाम ने इस गठबंधन का अहंकार तोड़ दिया है।
कहा कि यदि कोई दूसरे धर्म के खिलाफ टिप्पणी कर देता है तो बवाल मच जाता है लेकिन हमने कभी किसी धर्म का अपमान नहीं किया। जिसकी जहां श्रद्धा है वह वहां से जुड़ा हुआ है। हमने तो किसी से घर वापसी के लिए भी नहीं कहा।
महंत राजू दास ने कहा कि ओवैसी समेत कई ऐसा नेता हैं जिनके पूर्वज हिन्दू थे। जिन्होंने डर और लालच की वजह से धर्म बदल कर लिया था। उन्होंने कहा कि सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य जो कुछ भी बोल रहे हैं उसके पीछे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव है। कहा कि उनको अपने आप में सुधार लाना चाहिए।