संभल। उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू होगी। समाज कल्याण विभाग ने समय-सारिणी जारी कर संबंधित शिक्षण संस्थानों को निर्धारित कार्यक्रम का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी तिनेज कुमार ने बताया कि दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना में कक्षा 12 उत्तीर्ण कर उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। जो विद्यार्थी पहले से उच्च शिक्षा में वजीफा पा रहे हैं, उन्हें नवीनीकरण के लिए 15 सितंबर से 15 अक्तूबर तक आवेदन करना है।
जिन्होंने अब दाखिला लिया है, वे 2026-27 सत्र की छात्रवृत्ति के लिए 31 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदनपत्र की प्रति आवश्यक प्रमाणपत्रों के साथ संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करना है। इसके बाद शिक्षण संस्थान आवेदन पत्रों का सत्यापन कर उन्हें ऑनलाइन अग्रसारित करेंगे। विभागीय स्तर पर परीक्षण और सत्यापन के बाद पात्र छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि भेजी जाएगी।
पूर्व दशम छात्रवृत्ति के ऑनलाइन आवेदन 11 अगस्त से
संभल। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 11 अगस्त से शुरू होगी। समाज कल्याण विभाग ने समय-सारिणी जारी करते हुए जिले के सभी शिक्षण संस्थानों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।समय-सारिणी के अनुसार नए छात्र 11 अगस्त से 21 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र की हार्डकॉपी एवं आवश्यक अभिलेख 12 अगस्त से 5 अक्तूबर तक संबंधित विद्यालय में जमा किए जाएंगे। संवाद