चंदौसी (संभल)। बुधवार को मंडी फाटक पर यातायात पुलिस की कार्रवाई से नाराज ट्रक चालक ने रेलवे ट्रैक पर ट्रक खड़ा करके हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान उसकी पुलिसकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। बाद में बैरीकेडिंग तोड़कर ट्रक चालक मौके से भाग हो गया। चंदौसी मंडी फाटक से बुधवार की दोपहर एक ट्रक चालक नो एंट्री में पहुंच गया। यहां मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने उसे रोक लिया। ट्रक चालक ने जानकारी न होने की बात कहकर गलती मानते हुए ट्रक को पीछे हटाने का प्रयास किया। लेकिन ट्रैफिक पुलिसकर्मी कार्रवाई की जिद पर अड़ गए। जिस पर चालक की ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की नोकझोंक हो गई। एक पुलिसकर्मी ने ट्रक में चढ़कर उससे हाथापाई कर दी। जिसके बाद गुस्साए चालक ने ट्रक को रेलवे ट्रैक पर खड़ा कर दिया। अपनी शर्ट फाड़कर गाली गलौज करने लगा। काफी देर तक वह हंगामा करते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाता रहा। इसी बीच रेलवे ट्रैक पर ट्रक खड़े करने की सूचना जीआरपी पुलिस को दी गई। जीआरपी पुलिस के आने से पहले ही ट्रक चालक बैरीकेडिंग तोड़कर मौके से भाग हो गया।