संभल। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले विभिन्न मांगों को लेकर कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कोर्ट के बाहर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही एडीएम वंदना मिश्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
अध्यक्ष विनीता शर्मा ने कहा कि आज की महंगाई में आंगनबाड़ी कर्मचारियों को परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। इसके बावजूद बिना मोबाइल रिचार्ज व अन्य संसाधन दिए जबरन ऑनलाइन कार्य कराया जा रहा है। इससे लाभार्थियों को भी परेशानी हा रही है। सिर्फ टेलीकोम कंपनियों के मुनाफे के लिए सरकार आंगनबाड़ी कर्मचारियों को तनाव दे रही है। जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एक मई से बिना संसाधन के आंगनबाड़ी कर्मचारी ऑनलाइन काम नहीं करेंगी। कहा कि तमाम विरोध के बाद भी सरकार एजुकेटर की भर्ती कर रही है। जिससे कर्मचारियों में रोष है। सरकार रिटायमेंट की आयु केंद्र सरकार के नियमानुसार न तो 65 वर्ष कर रही है न ही कोई रिटायरमेंट बेनीफिट दे रही है। प्रमोशन भी नहीं किए जा रहे हैं। कहा कि यदि सरकार कर्मचारियों की मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो आगामी समय में लखनऊ में विशाल संयुक्त रैली होगी। धरना प्रदर्शन में स्नेहलता चौधरी, सुधा, रीता, सुमन गुप्ता, अंजू सागर, संतोष, मनोज गुप्ता आदि रही। वहीं दूसरी ओर आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने भी एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।