सरायतरीन(संभल)।
गांव महोरा लखूपुरा के राजेंद्र यादव (70) की शनिवार की रात एक बजे घर के बाहर छप्पर के नीचे चारपाई पर सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई। बेटे रविंद्र ने गांव के ही दो भाइयों समेत तीन लोगों के खिलाफ रंजिशन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटना को लेकर मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
हयातनगर थाना क्षेत्र के महोरा लखूपुरा के रविंद्र ने बताया कि शनिवार की रात उसके पिता राजेंद्र घर के बाहर छप्पर के नीचे चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे। रात एक बजे करीब गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर रविंद्र की पत्नी किरन की आंख खुली और बाहर जाकर देखा तो चारपाई पर उसके पिता का लहूलुहान शव पड़ा था। दावा है कि पत्नी ने तीन लोगों को भागते हुए देखा है, जोकि गांव के हैं। उन्होंने ही पुरानी रंजिश में गोली मारकर हत्या की है। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर एसपी ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एएसपी श्रीश्चंद्र और सीओ अनुज चौधरी ने भी घटना स्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मृतक के बेटे रविंद्र की तहरीर पर गांव के पप्पू, रंगगेश और करू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। जिसमें कर्रु और रंगरेश सगे भाई है।
इनसेट
युवक की हत्या को लेकर चल रही रंजिश
बुजुर्ग की हत्या में जिन तीन लोगाें को आरोपी बनाया गया, इनके बीच एक साल से रंजिश चल रही है। यह रंजिश दूसरे पक्ष के युवक की हत्या के बाद से बनी हुई है। दरअसल 27 मार्च 2024 को बीए के छात्र राहुल यादव (19) की पोस्टर लगाने को लेकर मामूली कहासुनी के बाद चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। जिसमें राहुल के ताऊ अमरपाल ने गांव के तेजपाल और उनके बेटे विरलेश व वीकेश के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवेचना में पुलिस ने तेजपाल और उनके बेटे विरलेश को आरोपी बनाया, जबकि वीकेश का नाम निकाल दिया गया। तेजपाल अभी भी जेल में बंद है। जबकि विरलेश को अगस्त 2024 में जमानत मिल गई। अब जिन लोगों को बुजुर्ग की हत्या में आरोपी बनाया गया है। उसमें राहुल के पिता रंगरेश और तहेरा भाई पप्पू, ताऊ कर्रु आरोपी बने हैं।
घटना के बाद गांव में पसरा रहा सन्नाटा
बुजुर्ग राजेंद्र की हत्या के बाद गांव में पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा। एक दो स्थानों पर कुछ लोग आपस में बात करते दिखाई दिए, लेकिन वह घटना को लेकर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं थी। शाम को मृतक का शव पहुंचा तो लोग घरों से निकलकर उनके घर पहुंच गए।
ग्रामीणों को हजम नहीं हो रही घटना
महोरा लखूपुरा में बुजुर्ग की हत्या को लेकर ग्रामीणों में तरह -तरह की चर्चाएं हैं। रात में जैसे ही ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो मृतक के घर के बाहर एकत्र हो गए। सभी एक -दूसरे से घटना की जानकारी लेने लगे। यहां ग्रामीण हत्या को लेकर बोलने से बचते रहे, लेकिन उनको हत्या की बात हजम नहीं हो रही है।
पुलिस की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद राजेंद्र का शव गांव लाया गया। यहां पुलिस के मौजूदगी में गांव के श्मशान में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान परिवार में चीखपुकार मची रही।
कोट
मौका मुआयना करके हत्या के बारे में जानकारी की गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी, संभल