बहजोई में अमृत सरोवर के लिए पालिका की ओर से जमीन खोदाई का काम शुरू। संवाद
बहजोई। नगर पालिका परिषद की ओर से रेलवे रोड स्थित मां भगवंतपुरवाली देवी मंदिर के निकट करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से अमृत सरोवर का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। इसको लेकर मौके पर जमीन की खोदाई कराकर सरोवर का रूप देने का काम चल रहा है।
रविवार को जेसीबी के माध्यम से जमीन की खोदाई कराते हुए सरोवर का रूप देने समेत आसपास पाथ वे आदि के लिए जमीन समतल करने का काम किया गया। पालिकाध्यक्ष राजेश शंकर राजू ने बताया कि अमृत सरोवर के लिए खोदाई काम पूरा होने के बाद चारों ओर रेलिंग लगाई जाएगी। इसके अलावा रोशनी के लिए लाइटें व बैठने के लिए बैंच की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा अमृत सरोवर परिसर में प्रवेश के लिए मुख्य द्वार बनवाया जाएगा। वहीं, पानी को फिल्टर करने समेत कई प्रकार के उपकरण लगवाए जाएंगे। साथ ही, फव्वारा भी लगवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अमृत सरोवर परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया जाएगा। चारों ओर हरियाली रहेगी। साथ ही छोटे बच्चों के खेलने की भी व्यवस्था रहेगी। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि करीब 11 बीघा जमीन पर बनने वाले इस अमृत सरोवर का काम करीब चार माह में पूरा हो जाएगा।