चंदौसी (संभल)। नगर पालिका बोर्ड की बैठक में बृहस्पतिवार को सभासदों ने समस्याओं का समाधान न होने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हंगामे के बीच सड़कों की मरम्मत समेत कई प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई।
चंदौसी फव्वारा चौक स्थित स्वास्थ्य विभाग के सभागार में बृहस्पतिवार की सुबह 11: 30 बजे पालिकाध्यक्ष लता वार्ष्णेय की अध्यक्षता में पालिका बोर्ड की बैठक शुरू हुई। बैठक में शहर की पेयजल व्यवस्था, सफाई व्यवस्था का मुद्दा छाया रहा। सभासदों ने शुद्ध और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति न मिलने की शिकायत की। सभासदों ने हंगामा करते हुए जल निगम के जेई पर शिकायतों का संज्ञान न लेने का आरोप लगाया। कहा कि अधिकांश वार्डों में पेयजल पाइप लाइन लीकेज हो रही है। लीकेज की वजह से लाखों रुपये की लागत से बनी सड़कें खराब हो रही हैं। पालिकाध्यक्ष ने जल्द ही पेयजल व्यवस्था सुधार लाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद प्रस्तावों पर बारी-बारी से चर्चा हुई। जिसमें पालिका परिषद में कंप्यूटर ऑपरेटर, गोशाला के लिए चौकीदार व श्रमिक रखे जाने, गोशाला में बाड़े का निर्माण और सीसीटीवी कैमरे लगवाने की व्यवस्था किए जाने का प्रस्ताव पास कर दिया गया।
न्यायालय में बंदीगृह के सामने पार्क का सौंदर्यीकरण, शौचालय निर्माण और कंपाउंडर में खड़ंजे की मरम्मत का प्रस्ताव पर सभासदाें ने आपत्ति जताई। साथ ही कहा कि वह पालिका के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है। वहीं पालिका परिषद की सीमा वृद्धि के प्रस्ताव पर सहमति बन गई है। शहर में करीब 54 लाख से अधिक लागत से सड़कों की मरम्मत का प्रस्ताव सदन ने एक मत होकर पास कराया गया। साथ ही सभासद जाकिर सलमानी ने ईद मिलादुन्नबी के जुलूस मार्ग की मरम्मत का प्रस्ताव दिया। जिसे एजेंडे में शामिल कर लिया गया है। बायो गैस यंत्र और संविदा कर्मचारियों को महंगाई भत्ता बढ़ाने की मंजूरी दी गई। इस दौरान ईओ कृष्ण कुमार सोनकर सभासद अनुराग गर्ग, नवकांत शर्मा, सचेंद्र यादव, मेघा गुप्ता, हरीश अरोरा, निदा कदीर, सचेंद्र यादव, मेघा गुप्ता, जाकिर सलमानी, तरुण नीरज आदि मौजूद रहे।
पशु छोड़ने पर लगेगा 10 हजार का जुर्माना
गोवंशीय पशु छोड़ने वालों पर जुर्माने का प्रावधान पालिका की बोर्ड बैठक में सभासदों की सहमति से पास हुआ है। जिसमें पहली बार पशु छोड़ते पकड़े जाने पर 1000, दूसरी बार में 2000 और तीसरी बार में दस हजार रुपये का जुर्माना देना होगा। वहीं शहर में बढ़ते ई-रिक्शा को देखते हुए वार्षिक लाइसेंस शुल्क निर्धारित किया गया है। पालिका की ओर से वार्षिक शुल्क 1800 रुपये करने का प्रस्ताव दिया गया था। जिसे चर्चा के बाद एक हजार रुपये कर दिया गया है।
-
वर्जन
अधिकांश प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए है। सभी को कार्य किया जाएगा। इसके अलावा सभासदों ने कुछ सुझाव दिए हैं, उन पर भी अमल किया जाएगा। -कृष्ण कुमार सोनकर, ईओ चंदौसी