बनियाठेर (संभल)। क्षेत्र के गांव अफजलपुर डरौली में कृषि भूमि दूसरे पक्ष के नाम करने पर पीड़ित किसान की सदमे में मौत हो गई। परिजनों ने दूसरे पक्ष पर कार्रवाई की मांग को लेकर मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाकर जाम खुलावाया। मृतक के पुत्र ने बनियाठेर थाने में तहरीर देकर पिता की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव अफजलपुर डरौली निवासी हरद्वारी (55) की गांव में साढ़े सात बीघा जमीन है। वह चंडीगढ़ में रहते थे। अभी गांव आए हुए थे। गुरुवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें चंदौसी के निजी चिकित्सालय ले जाया गया। वहां से मुरादाबाद रेफर कर दिया। शुक्रवार की रात नौ बजे हरद्वारी की मौत हो गई। शनिवार सुबह परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया।
हरद्वारी के बेटे दीपक का आरोप है कि गांव में उसके पिताके नाम पर साढ़े सात बीघा जमीन थी। वह बच्चों के साथ चंडीगढ़ में मजदूरी करते थे। गांव में मानसिक रूप से कमजोर उनका भाई रहता है। आरोप है कि करीब 15 दिन पहले गांव में हल्का लेखपाल और कानूनगो की मौजूदगी में ठियेबंदी की गई थी। मृतक की डेढ़ बीघा जमीन एक अन्य किसान के खेत में शामिल करा दी गई थी।
हरद्वारी ने इसकी शिकायत तहसील में सभी अधिकारियों से की थी, पर कोई समाधान नहीं हुआ। इसी को लेकर सदमे से उनकी तबियत खराब हो गई। परिजनों ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब 30 मिनट के बाद परिजनों को समझाकर शांत किया और जाम खुलवाया। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हरिद्वारी के पुत्र दीपक ने थाना बनियाठेर में तहरीर देकर पिता की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गुहार लगाई है।