सिंहपुरसानी। असमोली ब्लॉक क्षेत्र के गांव सेवड़ा जसरथ नगला में सीसी टाइल्स द्वारा सड़क का निर्माण हो रहा है। इसमें मिट्टी के ऊपर बिना गिट्टी बिछाए ही सीसी टाइल्स बिछाई जा रही है। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत बीडीओ से कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब 110 मीटर सड़क क्षेत्र पंचायत निधि से स्वीकृत हुई थी, जिस कार्य को ठेकेदार करा रहा है। आरोप है कि ठेकेदार खड़ंजे की पुरानी ईंटों को उखाड़कर कर नाली और दीवार का निर्माण करा रहा है। सड़क पर मिट्टी डलवाने के बाद मजदूरों द्वारा समतल करके बिना रोड़ी गिट्टी के ही सीसी टाइल्स बिछाई जा रही है। मौके पर काम कर रहे मजदूरों से पूछा तो उन्होंने बताया कि ठेकेदार द्वारा जैसा बताया गया है वैसा ही कार्य हमारे द्वारा किया जा रहा है। ठेकेदार के कहने पर ही बिना रोड़ी गिट्टी के सीसी टाइल्स बिछाई गई है। ग्राम प्रधान कल्याण सिंह ने बताया कि बिना मानक के सड़क पर सी सी टाइल्स बिछाई गई है तो उसको ठीक कराया जाएगा।
खंड विकास अधिकारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि जानकारी मिलते ही जेई को मौके पर जांच के लिए भेजा है। जांच के बाद कार्रवाई होगी। संवाद