चंदौसी। सावन के सोमवार व शिवरात्रि पर कांवड़ यात्रा, जुलूस, जलाभिषेक के लिए किया गया रूट डायवर्ट मंगलवार की शाम से आठ से खुल जाएंगे तथा विद्यालय बुधवार को खुलेंगे। रूट डायवर्ट से हो रही परेशानी मंगलवार की देर शाम के बाद दूर हो जाएगी।
सावन मास के प्रत्येक सोमवार को शिवालयों में जलाभिषेक होता है। शिवरात्रि पर हरिद्वार व बबराला राजघाट से शिवभक्त कांवड़ लेकर काफी संख्या में आते हैं। शिव भक्तों को परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने जिले में जगह जगह रूट डायवर्ट किया है। भारी वाहन (ट्रक, कैंटर, ट्रैक्टर ट्राली, माल वाहन) के संचालन पर रोक लगा रखी है। जिले में नौ प्वाइंटों पर रूट डायवर्ट है। भारी वाहन के बीच में आने पर पांच स्थानों पर अस्थाई पार्किंग बनाई गई है। साथ ही सभी स्कूल, कॉलेज, शैक्षिक संस्थानों में सोमवार व मंगलवार की छुट्टी कर दी है।
सावन के दूसरे सोमवार व शिवरात्रि को लेकर शनिवार की सुबह आठ बजे से मंगलवार की रात आठ बजे तक प्रशासन ने रूट डायवर्ट कर दिया है। इसके चलते रविवार व सोमवार को भी आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। अधिक यात्रा करने के साथ ही परेशानी भी हुई।
कांवड़ यात्रा व शिवरात्रि के चलते सड़क पर आने जाने वालों को यह परेशानी मंगलवार की शाम आठ तक झेलनी पड़ेगी। इसके बाद सभी रूटों को खोल दिया जाएगा। वाहन व यात्री किसी भी मार्ग से जा सकेंगे। वहीं स्कूल, कॉलेज व अन्य शैक्षिक संस्थान बुधवार की सुबह से निर्धारित समय पर खुलेंगे।