संभल। जिले में गणतंत्र दिवस को लेकर के एहतियाती सुरक्षा और चौकसी बढ़ गई है। सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस लगाई गई है। संवेदनशील स्थानों पर अर्धसैनिक बलों की निगरानी है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पल-पल की खबर ले रहे हैं। शासन भी संभल को लेकर सतर्क है। क्योंकि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर 19 दिसंबर व 20 दिसंबर को संभल में बवाल हो गया था। इसमें दो लोगों की जान भी गई थ्री।
इसके बाद से ही प्रशासन लगातार चौकसी बरत रहा है । शहर में संवेदनशीलता के हिसाब से पुलिस बल की अतिरिक्त ड्यूटियां लगाईं गईं हैं। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार जायसवाल ने बताया कि गणतंत्र दिवस को लेकर के एहतियाती सुरक्षा प्लान बनाया गया है।
इसके तहत ही सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग कराई गई है। होटल ढाबों पर भी चेकिंग हुई है। जो लोग होटलों में ठहरे हैं उनकी आईडी देखी गई है। साथ ही सतर्कता बनाए रखने के आदेश दिए गए हैं। थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में चौकसी बनाए रखेंगे।