चंदौसी के गांधी पार्क में नवें दिन धरने पर बैठे शिक्षक। संवाद
चंदौसी(संभल)। ऑफलाइन स्थानांतरण की मांग को लेकर प्रदेश भर के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों का धरना प्रदर्शन में नवें दिन शुक्रवार को गांधी पार्क में अनुक्रम सत्याग्रह के रूप में जारी रहा। वहीं शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में शिक्षण कार्य के साथ ही धरने में शामिल होते रहे। इस दौरान शिक्षकों ने नगर के मुख्य डाकघर पहुंच कर माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी को संबोधित पत्र डाक के माध्यम से भेजे। पत्र में राज्यमंत्री को अपना वादा याद दिलाते हुए जल्द से जल्द ऑफलाइन स्थानांतरण सूची जारी करने की मांग की गई है।
ऑफलाइन स्थानांतरण की मांग को लेकर प्रदेश के अधिकांश जनपदों से आए अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं 25 सितंबर से धरना दे रहे हैं। मंगलवार की शाम को धरना गांधी पार्क में शिफ्ट होने के बाद दो अक्तूबर की शाम शिक्षकों ने ऑफलाइन स्थानांतरण संघर्ष समिति की ओर से चल रहे धरने को शुक्रवार से ऑफलाइन स्थानांतरण अनुक्रम सत्याग्रह के रूप में धरना चलाने का एलान किया।
शुक्रवार को नवें दिन अनुक्रम सत्याग्रह के रूप में शिक्षकों ने धरना दिया ताकि विद्यालयों में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो सके। वहीं सुबह के समय धरने पर बैठे शिक्षक-शिक्षिकाएं सुभाष स्थित मुख्य डाकघर पर पहुंचे और डाक के माध्यम से माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी को संबोधित पत्र भेजे। पत्र में कहा कि ऑफलाइन स्थानांतरण की मांग को लेकर अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक नौ दिन से धरने पर बैठे हैं। 26 सितंबर को शाम आठ बजे ऑफलाइन स्थानांतरण संघर्ष समिति के अध्यक्ष शुभेंद्र शरण त्रिपाठी से कहा गया था कि तीन से सात दिन के अंदर स्थानांतरण सूची निर्गत की जाएगी लेकिन अभी तक सूची जारी नहीं हुई है। ऑफलाइन स्थानांतरण सूची जारी की जाए।