चंदौसी। बनियाठेर क्षेत्र के गांव पचाक में करंट से बालक की मौत के बाद बिजली विभाग ने व्यवस्था को सही करने का निर्णय लिया है। आरडीएसएस के तहत जर्जर खंभे व तार बदले जाएंगे। लटकते बिजली के तारों को सही किया जाएगा। वहीं अर्थिंग व अन्य समस्याओं की जांच के लिए विद्युत सुरक्षा विभाग को पत्र लिखा जाएगा। ताकि हादसे से बचाव हो सके।
बुधवार की सुबह गांव पचाक में खंभे पर लगे अर्थिंग तार पर आ रहे करंट की चपेट में आने से तीन साल के बालक खुशियांश की मौत हो गई थी। गांव में बिजली की व्यवस्था की यह तो मात्र एक बानगी थी। इसके अलावा गांव पचाक में आंबेडकर पार्क तक हाईटेंशन विद्युत लाइन आ रही है। पार्क, उसके आसपास, सामुदायिक शौचालय के निकट खड़े हाईटेंशन लाइन के चार बिजली के लोहे के खंभे नीचे से जंग खाकर गल चुके हैं।
वहीं हाईटेंशन लाइन के खंभे में लोहे की एंगिल लगाकर घरेलू बिजली लाइन को बांधकर ग्रामीणों को कनेक्शन जारी कर दिए हैं। घरेलू लाइन के तार सार्वजनिक शौचालय, पड़ोस के रहने वाले रणवीर सिंह के प्रधानमंत्री आवास की छत से छूकर गुजर रहे हैं। हादसे के बाद अब बिजली विभाग इस व्यवस्था को सुधारने का दावा कर रहा है। विभाग आरडीएसएस (रीजन डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम) के तहत काम कराया जाएगा। गले हुए खंभे व जर्जर तार बदलाने की दावा किया गया है। साथ ही झूलती बिजली की लाइन भी सही की जाएगी।